बोरे बासी पर गरमाई सियासत…… बिलासपुर में कांग्रेस ने मजदूर दिवस पर साधा सरकार पर निशाना…. कांग्रेस का बोरे बासी भोज,बीजेपी का पलटवार – छत्तीसगढ़ी संस्कृति या सियासी चाल?

बिलासपुर– कांग्रेस नेताओं ने बोरे बासी खाकर मजदूर दिवस मनाया। कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के निवास पर बोरे बासी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक, निगम नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य कांग्रेस नेता और पदाधिकारी आयोजन में शामिल रहे।

कांग्रेस नेताओं के बोरे बासी खाने के साथ इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने बोरे बासी खाने के साथ राज्य सरकार पर भी निशाना साधा है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने मजदूरों के सम्मान और छत्तीसगढ़ की संस्कृति परम्परा को आगे बढ़ाते हुए आज के दिन बोरे बासी खाकर इसे वृहद उत्सव के रूप में मनाने की परिपाटी शुरू की थी। कांग्रेस उस परिपाटी को आज भी आगे बढ़ा रही है। लेकिन राज्य सरकार आज छत्तीसगढ़ की परम्परा, संस्कृति व मजदूरों के सम्मान को भूल गई है। राज्य सरकार की तरफ से कहीं कोई आयोजन नहीं किया जा रहा है। सरकार की ये मानसिकता बताती है कि वे छत्तीसगढ़ी परम्परा और संस्कृति के खिलाफ हैं। राज्य सरकार, केंद्र के इशारे पर केवल बस्तर से लेकर सरगुजा तक छत्तीसगढ़ को लूटने का काम कर रही है। इधर बोरे बासी खाने और राज्य सरकार पर सवाल खड़े करने पर बीजेपी ने भी कांग्रेस पर पलटवार किया है।

बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि, छद्म छत्तीसगढ़ियावाद की राजनीति करने वालों को पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए। वे केवल एकवंशिय परिवार की सेवा करना जानते हैं। भाजपा नेताओं को देश की सेवा करना आता है। पीएम मोदी आज विश्व के सबसे बड़े सेवक हैं, जो हर वर्ग की, गरीब की मजदूर की सेवा कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button