नशे के समान की अवैध बिक्री पर कोतवाली पुलिस ने की दो कार्रवाई….104 नशीली गोलियां जब्त…. दो आरोपी गिरफ्तार…..

बिलासपुर-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए Nitrazepam की अवैध बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 104 नशीली टैबलेट, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अरपा नदी के पचरी घाट के पास एक युवक Nitrazepam टैबलेट की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर लक्की उर्फ लकेश्वर यादव (20 वर्ष), निवासी पुराना हाईकोर्ट के पीछे, बिलासपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 49 नग Nitrazepam टैबलेट और बिक्री से प्राप्त 760 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत धारा 21(B), 22(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने पूर्व में मिली मुखबिर सूचना के आधार पर ज्वाली नाला के पास घेराबंदी कर निकेश कौशिक उर्फ वासू (25 वर्ष), निवासी तेलीपारा, बिलासपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (CG10/W2556) पर बैठकर नशीली दवाइयों की बिक्री कर रहा था। उसके कब्जे से 55 नग Nitrazepam टैबलेट, बिक्री के 830 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त करीब 50 हजार रुपये कीमत की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत धारा 21(B), 22(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि आरोपियों के फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के माध्यम से पूरे नेटवर्क की जांच कर संलिप्त लोगों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button