
शाम 6 से रात 12 बजे तक सबसे ज्यादा हादसे…..ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई….नशे में ड्राइविंग पर 450 बिना हेलमेट 1300 वाहन चालक पकड़े गए….
बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 450 से अधिक चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई है, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1300 से ज्यादा लोगों से समन शुल्क वसूला गया है।

यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे अधिक सड़क हादसे होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में रोजाना विशेष और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यह अभियान लगातार जारी है। इस दौरान तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, शराब व नशे में ड्राइविंग, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट, गलत नंबर प्लेट, गलत दिशा में वाहन चलाना और मोबाइल का उपयोग करते हुए ड्राइविंग जैसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी माह से अब तक ITMS के माध्यम से 7500 से अधिक वाहनों पर ऑनलाइन चालान काटे गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वाले सभी मामलों को न्यायालय भेजा गया है, जहां आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाया गया।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।



