पैसों का विवाद बना खूनी संघर्ष, पति ने पत्नी पर किया चाकू से हमला, खुद को भी किया घायल…..

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला चौक में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पैसों के लेनदेन को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहा तनाव उस वक्त हिंसा में बदल गया, जब पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि वारदात के बाद आरोपी पति ने खुद को भी चाकू मारकर जख्मी कर लिया।

बताया जा रहा है कि दंपती के बीच लंबे समय से आर्थिक लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। रोजमर्रा की कहासुनी के दौरान बात इतनी बढ़ गई कि पति ने आपा खो दिया और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला मौके पर ही गिर पड़ी।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि पति का भी उपचार जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और पैसों का लेनदेन ही इस वारदात की मुख्य वजह सामने आ रही है। पुलिस दोनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

इस सनसनीखेज घटना के बाद मंगला चौक क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग इस वारदात को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button