किराना स्टोर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा….24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार….3 लाख रुपये का माल बरामद….

बिलासपुर-सरकंडा थाना पुलिस ने डी.एल.एस. कॉलेज के पास स्थित गोपाल किराना स्टोर में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र में स्थित गोपाल किराना स्टोर में देर रात अज्ञात चोर ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही शुभम यादव की पहचान की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद पहचान छिपाने की नीयत से आरोपी ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से संबंधित उपकरण (डीवीआर) को तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद कर लिया है तथा तालाब से सीसीटीवी उपकरण बरामद करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया करीब 3 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं।

Related Articles

Back to top button