
बारिश बनी आफत…..बैमा गांव में बाढ़ का कहर….कई घर ढहे… 100 क्विंटल चावल और नमक बर्बाद…..
बिलासपुर-लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने बैमा गांव में भारी तबाही मचा दी।बीते एक दिन पहले देर रात हुई तेज बारिश के बाद गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए।जिससे कई कच्चे मकान ढह गए और घरों में रखा सामान, राशन व अन्य घरेलू सामग्री पानी में बह गया।कई परिवार बेघर होकर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि एसएस पब्लिक स्कूल के सामने नाले पर अवैध कब्जा कर पुल निर्माण किए जाने से पानी की निकासी बाधित हुई, जिसके कारण बरसाती पानी गांव में भर गया और यह स्थिति पैदा हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत, प्रभावित परिवारों को मुआवजा, अवैध निर्माण की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल बारिश में यही समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।अब सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि प्रभावित परिवारों को राहत कब मिलेगी और अवैध निर्माण के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या नहीं।




