गांजा बिक्री के खिलाफ सरकंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला समेत दो गिरफ्तार – 3.74 किलो गांजा बरामद.

बिलासपुर–शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में अवैध गांजा कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 3 किलो 740 ग्राम गांजा और नगद रकम समेत करीब 56,250 रुपये की सामग्री जब्त की है। कार्रवाई चिंगराजपारा क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी सार्वजनिक स्थल पर गांजा बेचते पकड़े गए।

सरकंडा पुलिस को 5 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिंगराजपारा के काली मंदिर के पास एक युवक और महिला गांजा बेच रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में निरीक्षक निलेश पांडे और उनकी टीम ने दबिश दी।

मौके से राजेन्द्र साहू (20 वर्ष) और संध्या सिंह ठाकुर (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान राजेन्द्र साहू के पास से 1.150 किलो गांजा, ₹1600 नकद, और संध्या सिंह ठाकुर के पास से 2.590 किलो गांजा, ₹4650 नकद बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि गांजा संध्या सिंह ठाकुर का पति सतीश सिंह ठाकुर उर्फ धन्नू लाकर देता था, जो इस समय फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 20बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button