
छै दशक पुरानी कॉम्पोजिट बिल्डिंग हुई जर्जर……कर्मचारियों ने दी धरने की चेतावनी…..
बिलासपुर- शहर की लगभग 60 वर्ष पुरानी कॉम्पोजिट बिल्डिंग की जर्जर स्थिति को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। भवन की छत से पानी टपकने, दीवारों में सीलन, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण कई शासकीय कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
इस भवन में शिक्षा, पंजीयन (रजिस्ट्री), कृषि, पंचायत एवं समाज कल्याण, आदिवासी विकास, आबकारी सहित कई विभाग संचालित हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से मरम्मत की मांग की जा रही है। पिछले वर्ष राशि स्वीकृत होने की जानकारी भी मिली थी, लेकिन आज तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका।
कर्मचारियों ने प्रशासन से तत्काल भवन की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सभी विभागों के कर्मचारी संयुक्त रूप से एक दिन का सांकेतिक धरना देंगे।




