
सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक….. 17 सितंबर से शुरू होने वाले महीनेभर के अभियान की तैयारियों पर मंथन…..पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां……
रायपुर–प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रदेश में प्रभावी और व्यापक स्वरूप देने को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक शनिवार शाम आयोजित की गई। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित बैठक में मिले दिशा-निर्देशों के बाद हुई इस बैठक में अभियान के प्रदेश में क्रियान्वयन, कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी सहित सभी जिलों के महिला मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी व सदस्य वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में पदाधिकारियों को राष्ट्रीय स्तर पर तय अभियान की रूपरेखा से अवगत कराते हुए प्रदेश में इसे बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान अभियान को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया तथा प्रत्येक जिले और मंडल में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम….
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सेवा गतिविधियों के साथ जनसंपर्क और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और गरीब, महिला, युवा एवं किसान केंद्रित योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को अभियान के दौरान लाभार्थियों से संपर्क करने, उनके अनुभव जानने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
‘आंगन मिलन’ के जरिए महिलाओं से सीधा संवाद….
बैठक में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम को लेकर विशेष चर्चा हुई। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के बीच पहुंच बढ़ाने और छोटे-छोटे समूहों में संवाद स्थापित करने की रणनीति बनाई गई है।
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क के साथ महिलाओं से सीधे संवाद करने, सरकार की योजनाओं की जानकारी देने और योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन की महिला शक्ति को बूथ और मंडल स्तर तक सक्रिय करने पर भी जोर दिया गया।
जिम्मेदारियों का हुआ बंटवारा…..
प्रदेश स्तरीय बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए जिला और मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों से कहा गया कि राष्ट्रीय स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूरी की जाए और अधिक से अधिक महिलाओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की नियमित रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पदाधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी समय पर साझा करने और अभियान की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से प्रचारित करने के लिए कहा गया।
महिला शक्ति को बूथ स्तर तक सक्रिय करने का आह्वान.
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महिला मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए महिला कार्यकर्ताओं को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर आम परिवारों और लाभार्थियों से सीधे संपर्क स्थापित करना होगा।
प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिला और मंडल इकाइयों से अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ने का आह्वान किया। पदाधिकारियों ने भी अभियान को लेकर अपनी-अपनी राय और सुझाव रखे तथा इसे सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता से काम करने का संकल्प व्यक्त किया।
राष्ट्रीय स्तर पर हुई बैठक के बाद प्रदेश स्तर पर आयोजित इस वर्चुअल बैठक को अभियान के जमीनी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। अब जिला और मंडल स्तर पर महिला मोर्चा की इकाइयां अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देंगी। 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान के जरिए भाजपा महिला मोर्चा सेवा गतिविधियों के साथ जनसंपर्क को तेज करते हुए संगठन की महिला शक्ति को घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी में जुट गया है।



