
अनावरण से पहले प्रतिमा गिरी, मजदूर गंभीर रूप से घायल…..अटल बिहारी यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा..
बिलासपुर– अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में बड़ी लापरवाही सामने आई है.. अनावरण से पहले प्रतिमा स्थापना के दौरान मूर्ति गिरने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और ठेकेदार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में रानी दुर्गावती एवं भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जानी थी.. आरोप है कि, कुलपति ए.डी.एन. वाजपेई के कार्यकाल समाप्त होने से पहले अनावरण कराने की जल्दबाजी में काम तेजी से कराया जा रहा था.. इसी दौरान प्रतिमा संतुलित नहीं रह सकी और सीधे एक मजदूर के पैर पर गिर गई। बताया जा रहा है कि मजदूर के जांघ में गंभीर चोट आई है तथा सिर के पिछले हिस्से में भी चोट लगी है।

घटना को लेकर आरोप है कि काम के दौरान मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे और क्रेन संचालन में भी लापरवाही बरती गई, मौके पर मौजूद छात्रों को वीडियो न बनाने की हिदायत देकर वहां से हटाने की बात भी सामने आई है।

घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि घटना के बाद संबंधित अधिकारी मौके से चले गए, विश्वविद्यालय के कुलपति पुलक देव गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि आज विश्विद्यालय परिसर में मूर्ति स्थापित करने के दौरान घटना हुई है, मूर्ति को क्रेन की मदद से स्थापित किया जा रहा था इस दौरान मूर्ति से बंधा पट्टा अचानक खुल गया जिसके बाद मूर्ति से मौके पर कार्यरत कर्मचारी घायल हो गया, जिसे आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया और जांच के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी विश्वविद्यालय में निर्माण कार्यों को लेकर विवाद और प्रशासनिक हड़बड़ी की चर्चाएं रही हैं, अब देखना होगा कि इस गंभीर हादसे में जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।



