स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर शिल्पकारों की आजीविका मजबूत बनाएं–उप मुख्यमंत्री अरुण साव….सीएमडी कॉलेज मैदान में स्वदेशी शिल्प महोत्सव का शुभारंभ….एक माह तक चलेगा मेला….. 24 राज्यों के शिल्पकारों की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प उत्पादों का संगम….

बिलासपुर–उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर के सीएमडी कॉलेज मैदान में स्वदेशी शिल्प महोत्सव का शुभारंभ किया। शुभ वेंचर द्वारा आयोजित यह मेला एक माह तक चलेगा। महोत्सव में देश के 24 राज्यों से आए शिल्पकार अपनी पारंपरिक कला, हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर महापौर पूजा विधानी,सभापति विनोद सोनी, भाजपा के जिला अध्यक्ष दीपक ठाकुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि स्वदेशी उत्पाद हमारी समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान और कारीगरों के कौशल की पहचान हैं। प्रत्येक हस्तनिर्मित वस्तु के पीछे शिल्पकार की मेहनत और पीढ़ियों से संजोई गई कला होती है। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलता है और कारीगरों की आजीविका मजबूत होती है। उन्होंने नागरिकों से हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

श्री साव ने कहा कि ऐसे आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों के शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और उत्पादों के विक्रय का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही नागरिकों को भारत की विविध कलाओं और परंपराओं से परिचित कराते हैं। युवा पीढ़ी को भी इन कलाओं से जुड़कर इनके संरक्षण और संवर्धन में भागीदारी निभानी चाहिए।

महोत्सव में मेरठ के खादी कुर्ते, असम एवं भागलपुर की सिल्क साड़ियां, कश्मीर के पश्मीना शॉल, साड़ियां एवं कुर्तियां तथा पानीपत के गमछों सहित विविध उत्पाद उपलब्ध हैं। एक ही परिसर में विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वस्तुओं का संग्रह नागरिकों को देश की शिल्प विविधता से रूबरू करा रहा है।आयोजकों के अनुसार हथकरघा उत्पादों पर 20 प्रतिशत और हस्तशिल्प उत्पादों पर 10 प्रतिशत विशेष छूट दी जा रही है।

आयोजन के अध्यक्ष अनुराग मिश्रा ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य देश की पारंपरिक कला, संस्कृति एवं हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करना और विभिन्न राज्यों के शिल्पकारों को साझा मंच उपलब्ध कराना है। एक माह तक चलने वाले इस मेले में नागरिक विभिन्न प्रदेशों के पारंपरिक उत्पादों का अवलोकन और खरीदारी कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button