सड़क, नाली और कचरा उठाव की समस्या से जूझ रहे सांई नगर के रहवासी…. मोहल्लेवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार…..

बिलासपुर- ग्राम अमेरी के सतनाम नगर वार्ड क्रमांक-3 स्थित सांई नगर के रहवासी इन दिनों सड़क, नाली और कचरा उठाव जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश के मौसम में मोहल्ले की स्थिति और भी खराब हो गई है। सड़क निर्माण नहीं होने के कारण जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा हो रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन से समस्याओं का तत्काल निराकरण कराने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि वार्ड क्रमांक-3 के सांई नगर में सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में रास्ते पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
रहवासियों के अनुसार, मोहल्ले में नाली की भी उचित व्यवस्था नहीं है और नियमित सफाई कार्य नहीं होने से गंदगी सड़क और आसपास के क्षेत्र में फैल रही है। बारिश के दौरान यह समस्या और गंभीर हो जाती है। इससे लोगों को गंदगी और दुर्गंध के बीच आवागमन करना पड़ता है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि इसी रास्ते से स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे भी आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति और कीचड़ के कारण बच्चों को काफी परेशानी होती है। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क और नाली की व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
इसके अलावा सांई नगर में नियमित रूप से कचरा उठाव नहीं होने की शिकायत भी मोहल्लेवासियों ने की है। उनका कहना है कि कचरा जमा होने के कारण आसपास गंदगी और दुर्गंध का वातावरण बना रहता है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी रहती है।मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण, नाली की व्यवस्था, नियमित सफाई और कचरा उठाव की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम को देखते हुए यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button