टाइल्स दुकान में लाखों की चोरी का खुलासा…..दो आरोपी गिरफ्तार….

बिलासपुर–मंगला चौक स्थित स्क्वायर फीट टाइल्स दुकान में हुई तिजोरी चोरी की वारदात का सिविल लाइन पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना के एक सप्ताह के भीतर दो आरोपियों को मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹1.97 लाख नगद, चोरी की रकम से खरीदे गए दो आईफोन, कपड़े, जूते-बैग सहित कुल ₹3.55 लाख की संपत्ति बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू (सायबर सेल) और सिविल लाइन थाना की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

दुकान संचालक सत्यजीत राजनकर ने 31 अक्टूबर 2025 को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अक्टूबर की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान की छत उखाड़कर तिजोरी सहित ₹5.80 लाख नगद चोरी कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस ने शहर और अन्य जिलों के 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य और हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम देवास (म.प्र.) पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर चुके हैं। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

1. सोमू उर्फ अनुज कश्यप पिता कृष्ण कुमार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी तोरवा, राधाकृष्ण मंदिर के पास, बिलासपुर।
2. आर्यन शुक्ला पिता उमेश शुक्ला, उम्र 22 वर्ष, निवासी बाबू जगजीवन वार्ड, कटनी (म.प्र.)।

बरामद सामग्री

* नगद ₹1,97,000
* दो iPhone और चार्जर, कीमत ₹1,30,000
* जूते, बैग, कपड़े ₹28,000
* कुल संपत्ति ₹3,55,000
* घटना में प्रयुक्त पेचकस, प्लास, स्कूटी और टूटा तिजोरी ताला भी जब्त।

Related Articles

Back to top button