साउथ बिहार एक्सप्रेस रद्द होने पर फूटा बोल बम भक्तों का गुस्सा…. डीआरएम कार्यालय का घेराव….एक सप्ताह में मांगें पूरी नहीं हुईं तो रेल रोको आंदोलन की चेतावनी…..

बिलासपुर-सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलाई जाने वाली छत्तीसगढ़–जसीडीह साउथ बिहार एक्सप्रेस के निरस्तीकरण से नाराज बोल बम भक्तों ने सोमवार को बिलासपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु तोरवा थाना के पास स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए, जहां से भगवा वेश धारण कर “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “रेल प्रशासन हाय-हाय” के नारों के साथ रैली निकालते हुए डीआरएम कार्यालय पहुंचे।

प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस ने रामलीला मैदान से लेकर डीआरएम कार्यालय तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके बावजूद आक्रोशित श्रद्धालु बैरिकेड पार करते हुए डीआरएम कार्यालय परिसर में पहुंच गए और अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी दर्ज कराई।
बोल बम भक्तों ने आरोप लगाया कि हर वर्ष सावन माह में छत्तीसगढ़ से हजारों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाते हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन लगातार ट्रेनों को रद्द कर श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि रेलवे के लिए कोयला मालगाड़ियों का संचालन अधिक महत्वपूर्ण है या लाखों श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा।
श्रद्धालुओं ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपकर साउथ बिहार एक्सप्रेस का नियमित संचालन तत्काल बहाल करने, सावन के दौरान अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था करने तथा श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
बोल बम भक्तों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे बड़े स्तर पर रेल रोको आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।

वही इस विरोध के बाद रेलवे डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि चक्रधरपुर डिविजन में डी आर टी काम की वजह से साऊथ बिहार एक्सप्रेस गाड़ी रद्द हुई है।रद्द न करते हुए इसे शर्ट टर्मिनेट करते हुए राउरकेला में कर दिया गया है।दुर्ग की तरफ जाने वाली गाड़ियों का परिचालन रोक दिया गया है।बाबाधाम जाने वाले आए थे, उनकी बाते सुनी गई।इनकी जो भी मांग है उन मांगो को रखी जाएगी इनकी मांग पर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में “बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है” और “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। ज्ञापन सौंपने के बाद श्रद्धालु शांतिपूर्वक लौट गए, लेकिन आंदोलन को लेकर रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button