
रिटायर्ड व्याख्याता के सूने घर पर चोरों का धावा….. लाखों के जेवर और नगद रकम पार…..
बिलासपुर- चकरभाठा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में वार्ड क्रमांक 15 स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने स्थित एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी व हीरे के आभूषण तथा ₹1.10 लाख नगद रकम चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त व्याख्याता खगेन्द्र कुमार तिवारी अपने परिवार के साथ 12 जुलाई को कोरबा गए हुए थे। 13 जुलाई की शाम लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे सहित कई कमरों के ताले टूटे हुए हैं। घर के अंदर अलमारियां और पेटियां खुली पड़ी थीं। चोरों ने घर का कोना-कोना खंगालते हुए सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ करीब ₹1.10 लाख नकद पार कर दिए।
सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। खोजी डॉग घटनास्थल से राम मंदिर मेन रोड के पीछे तक पहुंचा, जहां असामाजिक तत्वों के जमावड़े की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।



