नौवीं की छात्रा ने लगाई फांसी…..सिविल लाइन पुलिस जुटी जांच में…..

बिलासपुर–सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मगरपारा की मरार गली में 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के मुताबिक, छात्रा पिछले एक-दो दिनों से गुमसुम थी, लेकिन उसने किसी से कोई बात साझा नहीं की। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मगरपारा मरार गली निवासी 14 वर्षीय शिखा पांडे, पिता मनोज कुमार पांडे, 9वीं कक्षा की छात्रा शनिवार को वह घर में अकेली थी। उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब परिजन घर पहुंचे और दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से देखा तो छात्रा फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि शिखा पिछले कुछ समय से शांत और गुमसुम रहने लगी थी। उसने हाल ही में अपने पिता से मोबाइल खराब होने की बात कही थी और उसे बनवाने के लिए कहा था। पिता मनोज कुमार पांडे बिजली मिस्त्री का काम करते हैं। घटना के समय वे काम पर गए हुए थे और सूचना मिलने पर घर पहुंचे।
सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Related Articles

Back to top button