
दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की गई जान….
बिलासपुर–तखतपुर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जुनापारा चौकी क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।घटना जुनापारा चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य माध्यमों से फरार वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।




