जय श्री राम…चलेंगे अयोध्या धाम, सजने लगा मंच,लहराने लगा भगवा ध्वज…..पुलिस ग्राउंड हुआ भगवामय.. दर्शनार्थियों का एकत्रित स्थल सजधज कर हुआ तैयार…..सिविल लाइन पुलिस मैदान से छूटेगी श्रद्धालुओं की 21 एसी बस….. 1008 भक्तों का जत्था होगा रवाना, चल रही जोरदार तैयारी…….

बिलासपुर– रामनवमी के पावन पर्व पर बिलासपुर से अयोध्या धाम के दिव्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की एक ऐतिहासिक यात्रा 5 अप्रैल को सिविल लाइन पुलिस मैदान से रवाना होगी। जिसके लिए मैदान में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। इस विशेष धार्मिक यात्रा के लिए 21 एसी बसों का इंतजाम किया गया है, जिनमें 1008 रामभक्त भगवा परिधान में सवार होकर प्रभु श्रीराम के नगरी के दर्शन के लिए निकलेंगे। आयोजन की भव्यता और अनुशासन देखते ही बनता है। सुबह 10 बजे से मैदान में उपस्थिति अनिवार्य होगी। दोपहर 12 बजे के आसपास मंगल आरती के बाद बसों को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रवाना किया जाएगा।

आयोजन को लेकर स्वंयसेवकों ने कमान संभाल ली है। पुलिस मैदान में मंच और टेंट की भव्य तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। यात्रा संयोजक प्रवीण झा के नेतृत्व में प्रतिदिन बैठकें आयोजित हो रही हैं। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सेवा के लिए चिकित्सा दल, सुरक्षा टीम और एंबुलेंस की भी खास व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि यह यात्रा पूर्णतः नि:शुल्क है और भक्तों से कोई भी राशि नहीं ली जा रही। हर बस में एक टीम लीडर और स्वयंसेवकों की टोली मौजूद रहेगी, जो पूरे मार्ग में दर्शनार्थियों की जरूरतों का ख्याल रखेगी। यात्रा से जुड़ी सभी जानकारियां व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से साझा की जा रही हैं, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित सहायता दी जा सके। हर भक्त को आधार कार्ड और ओरिजनल पावती के साथ ही आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य होगा। सुबह 10.30 से 11.30 के बीच आईडी कार्ड और यात्रा सामग्री वितरित की जाएगी। बस में हनुमान जी की प्रतिमा को पहले से आरक्षित सीट पर विराजमान किया जाएगा। जो संपूर्ण यात्रा की आत्मा मानी जा रही है।

आस्था का बनेगा अद्भुत संगम

पिछले वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन आस्था, अनुशासन और सेवा का अद्भुत संगम बनेगा। रामभक्तों का यह जत्था जब भगवा रंग में रंगा हुआ अयोध्या की ओर अग्रसर होगा, तब यह दृश्य आस्था का प्रतीक होगा। बिलासपुर की सामाजिक एकजुटता और धार्मिक चेतना का भी अद्वितीय उदाहरण पेश करेगा।

श्रद्धा और सेवा का प्रतीक: प्रवीण झा

यात्रा संयोजक प्रवीण झा ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर यह यात्रा श्रद्धा और सेवा का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु को अयोध्या धाम के दिव्य दर्शन सम्मानपूर्वक और सुरक्षित तरीके से कराएं। पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है। हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखा जा रहा है। हमारा यह प्रयास रामभक्तों की आस्था को और मजबूत करेगा।
—–
हर बस के साथ हमारी जिम्मेदारी: रामप्रताप
स्वयंसेवक रामप्रताप सिंह ने कहा कि हम सभी स्वयंसेवक इस यात्रा को सफल और यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी भूमिका सिर्फ सेवा की नहीं, सुरक्षा और अनुशासन की भी है। हर बस में जिम्मेदारी के साथ हम तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े, यही हमारी पहली प्राथमिकता है।

जीवन का थकान मिटा देगी यात्रा: रौशन
स्वयंसेवक रौशन सिंह का कहना कि भक्तों के चेहरे पर जो उत्साह और श्रद्धा है, वो हमें हर थकान भुला देता है। इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनना गौरव की बात है। हर व्यवस्था में हम सक्रिय हैं। चाहे मंच निर्माण हो, भोजन या चिकित्सा सुविधा। हम चाहते हैं कि हर यात्री इस यात्रा को जीवन का विशेष अनुभव समझे।

Related Articles

Back to top button