
लालखदान ओवरब्रिज में दर्दनाक सड़क हादसा…तेज रफ़्तार हाइवा से बाइक सवार युवक हुआ गंभीर रूप से घायल…..
बिलासपुर – तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालखदान ओवरब्रिज पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाइवा ने पीछे से बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे विशाल रजक नामक युवक अपनी बाइक क्रमांक CG 10 V 6274 से बिलासपुर की ओर से महमंद स्थित अपने घर लौट रहा था, जैसे ही वह लालखदान ओवरब्रिज पर पहुंचा था कि उसी दौरान पीछे से आ रही हाइवा क्रमांक CG 10 R 1054 ने उसे तेज गति से उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और हाईवा के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना तोरवा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहाँ उसकी हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



