बिलासपुर में अम्हा तालाब बना काल…. नहाने के दौरान डूबे दो युवक, डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मिले शव…..मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का…..

बिलासपुर–सरकंडा थाना क्षेत्र के खमतराई इलाके से रविवार को एक हृदय-विदारक घटना सामने आई, जहां अम्हा तालाब में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। सुनसान और जंगलनुमा इलाके में हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान
हिमांशु चहाण्डे (21 वर्ष), पिता हरीश चहाण्डे, निवासी बंधवापारा, सरकंडा शिवम मानिकपुरी (20 वर्ष), पिता श्रवण दास मानिकपुरी, निवासी देवरी खुर्द, थाना तोरवा
बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ तालाब किनारे पार्टी मनाने पहुंचे थे।

कैसे हुआ हादसा?…..

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पार्टी के बाद सभी दोस्त नहाने के लिए तालाब में उतरे,शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन कुछ ही देर बाद हिमांशु और शिवम गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक नजरों से ओझल हो गए। दोस्तों ने काफी तलाश की, मगर जब वे बाहर नहीं आए तो घबराकर तत्काल 112 पर सूचना दी और परिजनों को भी खबर की।
सुनसान इलाका, लोकेशन ट्रेस में दिक्कत
घटनास्थल शहर के आखिरी छोर पर, लगभग जंगल जैसे सुनसान क्षेत्र में स्थित है। मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने और कॉल रिसीव न होने के कारण एसडीआरएफ टीम को लोकेशन ट्रेस करने में शुरुआती दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के मेजर ध्रुव कुमार साहू ने सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य से समन्वय कर सटीक स्थान की जानकारी ली और टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

युद्धस्तर पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन…..

घटनास्थल पर पहले से मौजूद सरकंडा पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से प्रारंभिक खोजबीन शुरू कर दी थी। एसडीआरएफ टीम के पहुंचते ही तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया।
करीब एक से डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को एंबुलेंस से मरच्युरी अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।वही पुलिस पांचो दोस्तों को हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है। मौत किस वजह से हुई वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाने के बाद ही पता चल सकेगा।फिलहाल पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर मामले की विवेचना में लग गई।

Related Articles

Back to top button