हनुमान जयंती पर बिलासपुर में श्रद्धा की लहर….. जगह-जगह भोग-प्रसाद वितरण…..

बिलासपुर/ हनुमान जयंती के पावन अवसर पर पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों, मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह भोग-प्रसाद का वितरण किया गया।
सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना, हनुमान चालीसा पाठ और सुंदरकांड के आयोजन होते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान हनुमान के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की।
शहर के प्रमुख स्थानों पर राहगीरों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को प्रसाद वितरित किया गया, जिससे पूरे वातावरण में सेवा और समर्पण की भावना देखने को मिली। वहीं भक्ति गीतों और “जय श्रीराम” के जयकारों से शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

इस आयोजन में महिलाओं, बच्चों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिसने उत्सव को और भी जीवंत बना दिया। इसी क्रम में रजिस्ट्री कार्य परिसर में भी श्रद्धालुओं द्वारा भोग-प्रसाद का वितरण किया गया, जहां लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया।




