
विकसित भारत की नींव रखने वाला सर्वसमावेशी बजट : अरुण साव चौथी से ऊपर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूत कदम : अमर अग्रवाल
बिलासपुर–भारतीय जनता पार्टी कार्यालय बिलासपुर में रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने केंद्रीय बजट को लेकर मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। दोनों नेताओं ने बजट को कल्याणकारी, विकासोन्मुख और सर्वसमावेशी बताते हुए कहा कि यह बजट हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर राज्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह बजट मछली पालन, पशुपालन, लघु व सीमांत किसानों, छोटे व्यापारियों और श्रमिक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। बजट में लघु उद्योगों के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान कर औद्योगिक क्लस्टरों को पुनर्जीवित करने का कार्य किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि बजट में रेल, सड़क, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही दवाइयों की कीमतें कम करने, खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, तथा निर्यात को प्रोत्साहित कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का रोडमैप भी इसमें शामिल है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, पर्यटन क्षेत्र में 20 हजार से अधिक रोजगार, ई-बस सेवा विस्तार जैसे प्रावधान यह दर्शाते हैं कि यह बजट केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी देश को सशक्त बनाने वाला है। उन्होंने राज्य एवं केंद्र के वित्त मंत्री की सराहना करते हुए इसे “विकसित भारत की ओर बढ़ता विकास बजट” बताया।
वहीं विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि यह बजट देश को चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से ऊपर ले जाने वाला ऐतिहासिक बजट है। उन्होंने कहा कि बजट में विदेशी निवेश को आकर्षित करने पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे भारत को विश्व का आर्थिक हब बनाने की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।
अग्रवाल ने कहा कि विभिन्न राज्यों की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए रोजगार, व्यापार और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दी गई है। छत्तीसगढ़ को माइनिंग सेक्टर का मजबूत केंद्र बनाने का लक्ष्य भी इस बजट में रखा गया है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
हाई स्पीड ट्रेन को लेकर पूछे गए सवाल पर अमर अग्रवाल ने कहा कि यह देश की भविष्य की जरूरत है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि STT (सिक्योरिटी ट्रांजैक्शन टैक्स) का बजट से कोई सीधा संबंध नहीं है।
इस प्रेस वार्ता मे मुख्य रूप से,,, महापौर,, पूजा विधानी,,, जिलाध्यक्ष,, दीपक सिंह ठाकुर,,,सभापति, विनोद सोनी, गुलशन ऋषि,,,सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए!




