
किराना दुकान की आड़ में नशे का खेल! पुलिस ने गांजा तस्कर को किया गिरफ्तार….
बिलासपुर–रतनपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना दुकान से गांजा बेच रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, नकद रकम और मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रतनपुर के थानापारा क्षेत्र में स्थित एक किराना दुकान से अवैध रूप से गांजा की पुड़िया बनाकर बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और आरोपी की दुकान पर दबिश दी गई।
रेड कार्रवाई के दौरान दुकान से 225 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 2500) गांजा बिक्री की रकम 2300 और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। कुल जब्ती की कीमत लगभग 14,800 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरविंद जैन उर्फ अन्नू (36 वर्ष), निवासी भगत सिंह वार्ड, थानापारा रतनपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई में थाना रतनपुर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।



