कोनी थाना क्षेत्र के ढाबे में नशेड़ी युवकों ने मचाया हंगामा… सोशल मीडिया में वीडियो हुआ वायरल…. पुलिस की नाइट गश्त पर उठे सवाल….

ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हो रहा वायरल....

बिलासपुर/ शहर के कोनी थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कोनी इलाके में स्थित सिंह ढाबा में बीती रात कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर तोड़फोड़ और हंगामा करने का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि देर रात 5 से 6 युवक अचानक ढाबे पर पहुंचे और ढाबे के दरवाजे पर लगे शटर को लात मारना शुरू कर दिया ।
अचानक पहुंचे युवकों के द्वारा इस तरह से हंगामा मचाने से भय का माहौल बन चुका था। युवकों ने ढाबे में रखे सामान को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।
ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो….

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक ढाबे के अंदर आते हैं और वहां मौजूद सामान को इधर-उधर फेंकते हुए तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि अगर रात में नियमित रूप से गश्त हो रही है, तो फिर इस तरह की घटनाएं कैसे हो रही हैं।

थाने में नहीं हुई शिकायत….

मामले की एक अहम बात यह भी सामने आई है कि अब तक कोनी थाने में इस घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद माना जा रहा है कि पुलिस इस मामले की जानकारी जुटा रही है। यदि शिकायत दर्ज होती है या वीडियो के आधार पर मामला संज्ञान में लिया जाता है, तो पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकती है।

पुलिस गश्त पर उठ रहे सवाल…

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोनी क्षेत्र में देर रात अक्सर होटल-ढाबों पर युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में अगर पुलिस की गश्त नियमित और सख्त हो, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।
इस घटना के सामने आने के बाद रात की गश्त और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button