खिलाड़ी बुक पैनल से सट्टा खिलाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार 22.63 लाख रुपये की संपत्ति जब्त….फरार सटोरियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी……

बिलासपुर-जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘खिलाड़ी बुक’ नामक पैनल के माध्यम से विभिन्न खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ते हुए 22.63 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। वहीं सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े और फरार सटोरियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मंगला स्थित एचडीएफसी बैंक के पास कुछ युवक मोबाइल फोन के जरिए ‘खिलाड़ी बुक’ नामक ऑनलाइन पैनल से विभिन्न खेलों पर सट्टा संचालित कर रहे हैं।
सूचना की पुष्टि होते ही थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर संतोष जसवानी, करन श्रीवास एवं अन्य साथियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे पांच मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 27 एटीएम कार्ड, 13 लाख 48 हजार रुपये नगद, एक टाटा कार और एक स्कूटी बरामद की गई।
पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी संतोष जसवानी द्वारा सट्टे से प्राप्त रकम को आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचाया जाता था। पुलिस ने साक्ष्य मिलने पर आशीष जसवानी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज कर सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
फरार सटोरियों पर भी शिकंजा…..
जांच के दौरान ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने फरार सटोरिये रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया है। इनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button