
सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या….गोलीकांड से दहला पूरा इलाका…..आरोपी फरार…..पुलिस जुटी जांच में…..
बिलासपुर–पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमी मुख्य बाजार में मंगलवार को सराफा व्यापारी के ऊपर गोली मारने की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। तीन अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से एक सराफा दुकान में घुसने का प्रयास किया और विरोध करने पर बदमाशों ने सोना-चांदी व्यापारी पप्पू उर्फ प्रदीप सोनी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन युवक कोटमी बाजार स्थित सराफा दुकान पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे लूटपाट की नीयत से दुकान में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान व्यापारी पप्पू सोनी ने उनका विरोध किया, जिससे नाराज बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यापारी को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। व्यापारी की मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को घटनास्थल के पास से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर दी है तथा फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है, वहीं व्यापारियों में घटना को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।



