
ताइक्वांडो में भारत बना ओवरऑल चैंपियन….. खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत…..
बिलासपुर–नेपाल फेडरेशन एवं पीसीए स्पोर्ट्स मैनेजमेंट नेपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रथम इंडो-नेपाल ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 14 से 18 जून 2026 तक पोखरा, नेपाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश सहित विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 34 स्वर्ण और 27 रजत पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मेजबान नेपाल दूसरे तथा बांग्लादेश तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में खेलो ताइक्वांडो यूथ स्पोर्ट्स फेडरेशन के 61 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से संगठन और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ।
प्रतियोगिता से लौटने पर रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों का उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी ने उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताई।
फेडरेशन के अध्यक्ष बाबा पात्रे, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार यादव (मध्य प्रदेश), इंटरनेशनल ताइक्वांडो मास्टर गणेश सागर, रिमझिम गुप्ता तथा अन्य पदाधिकारियों ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ खेल के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
–00–



