बिलासपुर में फिर गूंजी चाकूबाजी की दहशत…. पुरानी रंजिश में युवक के गले पर हमला….. 6 आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस……

बिलासपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। देवरीखुर्द इलाके में शुक्रवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का एक मामला सामने आया है।जहां पर हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर लौटते वक्त रास्ते में घेरा…….

मिली जानकारी के अनुसार, देवरीखुर्द निवासी शिवेश सिंह शुक्रवार रात करीब 11 बजे अपने घर के नजदीक राजा डेयरी के पास पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे राहुल श्रीवास ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोक लिया। बताया जा रहा है कि शिवेश और राहुल के बीच किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी।

गाली-गलौज के बाद गले पर किया वार……

प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष के मुताबिक, आमना-सामना होते ही दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राहुल और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि राहुल ने शिवेश को जान से मारने की धमकी देते हुए अचानक जेब से चाकू निकाला और सीधे उसके गले के पास वार कर दिया।

जान बचाकर भागा पीड़ित, सिम्स में भर्ती…..

गले के पास चाकू लगने से शिवेश लहूलुहान होकर गिर पड़ा। हालांकि, उसने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी राहुल श्रीवास अपने सभी साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घायल शिवेश को तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर उठे सवाल…..

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने संबंधित थाने में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं ने आम नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, जिससे रात्रिकालीन पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button