
ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा……खरीददार सहित चार आरोपी गिरफ्तार…… 6.80 लाख के सोने-चांदी के जेवर और बाइक बरामद…..
बिलासपुर–थाना सीपत क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स में फरवरी माह में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.88 किलोग्राम चांदी के जेवर, 13.30 ग्राम सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 6.80 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी विभूति विनय सोनी, जो ग्राम खम्हरिया में रमेश ज्वेलर्स का संचालन करते हैं।चार माह पूर्व 20 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दुकान बंद करने के दौरान सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद से भरे दो बैग दुकान के बाहर रखे थे। इसी दौरान चेहरा गमछे से ढके एक युवक ने दोनों बैग उठाए और पहले से मोटरसाइकिल पर मौजूद अपने दो साथियों के साथ फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सीपत की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने खम्हरिया, आसपास के गांवों और बलौदा क्षेत्र में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला चौकी से सूचना मिली कि एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपियों खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल और राजाराम साहू ने पूछताछ में खम्हरिया ज्वेलर्स चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने आपस में जेवरों का बंटवारा कर लिया था।
पुलिस ने आरोपी खुशीराम साहू के पास से छिपाकर रखे गए जेवर जब्त किए। उसने चोरी की चांदी दीपक वर्मा को बेचने की बात भी स्वीकार की, जिसके बाद खरीदार दीपक वर्मा से भी चोरी के जेवर बरामद किए गए। वहीं आरोपी राजाराम साहू से एक जोड़ी चांदी की पायल और दो सोने के टॉप्स बरामद हुए। घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG-10-BF-2654) भी बरामद कर ली गई, जिसे ग्राम मड़ई के श्मशान घाट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मनीष उर्फ राहुल मंडल के पास मौजूद चोरी की संपत्ति तथा देशी कट्टा और कारतूस पहले ही देवघर रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस द्वारा जब्त किया जा चुका हैं।
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में एसीसीयू बिलासपुर और थाना सीपत की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



