
बेलतरा ग्रामीण बैंक में सेंधमारी का खुलासा…..रतनपुर पुलिस ने 5 शातिर चोरों को दबोचा….
बिलासपुर-रतनपुर पुलिस ने बेलतरा ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी का प्रयास करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया बैंक का राउटर, स्टेबलाइजर, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें तथा बैंक की दीवार, एटीएम और लॉकर तोड़ने में प्रयुक्त गैंती और टंगिया बरामद की है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बैंक की पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और लॉकर व एटीएम तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन नकदी हाथ नहीं लगी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।




