
कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने एसईसीएल के कार्यों की समीक्षा की…. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की भेंट…… एक दिवसीय दौरे के दौरान डिजिटल पोर्टल्स एवं अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का किया उद्घाटन…..
बिलासपुर–भारत सरकार के कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के उत्पादन, परिचालन, आधारभूत संरचना विकास तथा भावी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। दौरे के दौरान खान राज्य मंत्री ने रायपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी सौजन्य भेंट की।

बैठक के दौरान कोयला क्षेत्र के विकास, आधारभूत संरचना एवं लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी, ऊर्जा सुरक्षा तथा राज्य के औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राज्य एवं केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों के माध्यम से विकास परियोजनाओं को गति देने तथा कोयला क्षेत्रों में रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। माननीय मंत्री ने कोयला क्षेत्र के विकास हेतु छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निरंतर प्रदान किए जा रहे सहयोग की सराहना की।

एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में माननीय मंत्री ने कोयला उत्पादन एवं प्रेषण, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, डिजिटलीकरण, पर्यावरणीय पहल, कोयला गैसीकरण, माइन क्लोजर, सीएसआर गतिविधियों तथा भावी कार्ययोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा एसईसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री ने सुरक्षित एवं सतत खनन को बढ़ावा देने, आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग तथा परिचालन दक्षता में निरंतर सुधार पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एसईसीएल के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने कहा कि सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से कोयला क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरिश दुहान ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल इंडिया द्वारा अब तक प्राप्त 100 मिलियन टन उत्पादन उपलब्धि में एसईसीएल का सर्वाधिक योगदान 26.86 मिलियन टन रहा है। उन्होंने मंत्रालय के मार्गदर्शन में राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु एसईसीएल की प्रतिबद्धता दोहराई।

डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए माननीय मंत्री ने ई-डाडास (डिज़ाइन एंड ड्रॉइंग अप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल तथा हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) पोर्टल का शुभारंभ किया। ई-डाडास पोर्टल के माध्यम से विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं से संबंधित डिज़ाइन एवं ड्रॉइंग की ऑनलाइन जांच, मॉनिटरिंग एवं स्वीकृति की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जाएगा, जिससे पारदर्शिता एवं कार्य निष्पादन में गति आएगी। वहीं एचएमआईएस पोर्टल के माध्यम से एसईसीएल अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण, मरीजों के रिकॉर्ड प्रबंधन तथा चिकित्सा सेवाओं की दक्षता में सुधार होगा।

दौरे के दौरान मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का उद्घाटन भी किया। यह मशीन श्वेत रक्त कोशिकाओं की 5-पार्ट डिफरेंशियल जांच के माध्यम से संक्रमण एवं विभिन्न रोगों की अधिक सटीक पहचान सुनिश्चित करेगी। स्वचालित परीक्षण प्रणाली से युक्त यह आधुनिक मशीन तेज, सटीक एवं त्रुटिरहित जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने में सहायक होगी, जिससे अस्पताल एवं प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता और दक्षता में वृद्धि होगी।
उद्घाटन के पश्चात मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।



