गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के छै वर्षीय बच्चे सहित सात लोगों की तबीयत बिगड़ी,सिम्स में भर्ती…… दुर्गा प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचे थे परसदा निवासी साहू परिवार के सदस्य….फूड पॉइजनिंग की आशंका…..

बिलासपुर- न्यायधानी बिलासपुर में देर रात गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। बीमार होने वालों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दुर्गा दर्शन के बाद सीएमडी कॉलेज मैदान में खाया था गुपचुप…..
जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा निवासी साहू परिवार के सदस्य दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने के लिए बिलासपुर आए थे। परिवार के लोग देर रात करीब 12 बजे सीएमडी कॉलेज मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने गुपचुप खाया। इसके कुछ समय बाद परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई। इसके बाद सभी को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया।
बीमारों में छह साल का बच्चा भी शामिल…..
इस घटना में संतोषी साहू (27), महेश साहू (32), सोमेश साहू (15), सुमन साहू (18), सुजीता साहू (16), प्रभा साहू (26) और छह वर्षीय शिवांश साहू प्रभावित हुए हैं। सभी ग्राम परसदा के निवासी बताए गए हैं। एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ने से परिजनों में चिंता का माहौल है।
खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता पर उठे सवाल…..
देर रात खाद्य पदार्थ खाने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटना ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, गुपचुप खाने और तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। खाद्य पदार्थ दूषित होने या किसी अन्य कारण से परेशानी हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।फिलहाल सभी प्रभावितों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।




