
5 लाख की सुपारी देकर हत्या की साजिश…… मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला…..नाबालिग सहित दो आरोपी गिरफ्तार….दो आरोपी फरार……
बिलासपुर- तारबाहर थाना क्षेत्र में रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले कांग्रेस नेता के ऊपर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि पीड़ित की हत्या के लिए 5-5 लाख रुपये की सुपारी देने का लालच देकर पूरी साजिश रची गई थी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया है, जबकि मुख्य आरोपी दीपक तिवारी एवं उसका साथी साहिल सोनकर अभी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे श्याम कश्यप रेलवे अस्पताल के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और डंडों से उनके सिर, हाथ व पैरों पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। घायल के पुत्र शिशिर कश्यप की शिकायत पर तारबाहर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी पंकज कुमार पटेल, सीएसपी गगन कुमार तथा थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान की। इसके बाद आरोपी नितिन टेकाम (21 वर्ष) निवासी गौरेला को गिरफ्तार किया गया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गौरेला निवासी दीपक तिवारी ने बिलासपुर के एक व्यक्ति की हत्या करने के एवज में 5-5 लाख रुपये देने का लालच दिया था। दीपक तिवारी ने मौके पर मौजूद रहकर श्याम कश्यप की पहचान कराते हुए हमला करने का इशारा किया था। इसके बाद आरोपियों ने डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किया है। मुख्य आरोपी दीपक तिवारी और साहिल सोनकर की तलाश जारी है। विवेचना के दौरान मामले में आपराधिक षड्यंत्र एवं हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराएं भी जोड़ दी गई हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।



