निर्माणाधीन मकान में करंट का कहर….दो की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस,

बिलासपुर-सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड नंबर-2 स्थित आरबी हॉस्पिटल के मुख्य द्वार के सामने एक निर्माणाधीन मकान में मंगलवार को करंट लगने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतकों की पहचान के रूप में रवि बंजारे और भूपेंद्र साहू सरकंडा थाना क्षेत्र अशोक नगर खमतराई के रहने वाले बताए जा रहे हैं घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट, सीएसपी परमेश्वर तिलकवार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरु की।
जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक लंबे समय से उक्त निर्माणाधीन मकान में कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार उनकी छुट्टी थी, इसके बावजूद वे किसी कारणवश निर्माण स्थल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों कुछ देर तक नीचे बातचीत करते रहे, जिसके बाद वे मकान की ऊपरी मंजिल की ओर चले गए। कुछ ही देर बाद तेज आवाज में चीख सुनाई दी। जब आसपास मौजूद लोगों ने ऊपर जाकर देखा तो दोनों बिजली के करंट की चपेट में आ चुके थे।
घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि करंट किस कारण से लगा। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण स्थल पर खुले विद्युत तार या बिजली संबंधी किसी तकनीकी खामी के कारण हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक जानकारी जुटाने की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button