
बिलासपुर में ‘बने खाबो बने रहिबो’ अभियान….102 किलो बर्फी सीज, मिठाई के नमूने जांच के लिए भेजे
बिलासपुर–रक्षाबंधन त्यौहार को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे ‘बने खाबो बने रहिबो’ 7 दिवसीय विशेष अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच लगातार जारी है।
अभियान के तहत व्यापार विहार स्थित पवन ट्रेडर्स में जांच के दौरान बर्फी के लेबल एवं संबंधित जानकारी में कमी पाए जाने पर विभाग ने 23 कार्टून, कुल 102 किलोग्राम बर्फी को सीज किया और नमूना जांच के लिए भेजा है।
इसी तरह गुरु कृपा ट्रेडर्स, शनिचरी बाजार से ‘मद्रास का मशहूर स्पेशल खस्ता मिठाई’ का नमूना जांच के लिए लिया गया। लेबल संबंधी कमियों के आधार पर मिथ्याछाप का प्रकरण बनाया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार रक्षाबंधन को देखते हुए मिठाई, पनीर, खोवा सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लेबलिंग की जांच के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों और लेबलिंग नियमों का पालन करने की अपील की है।



