नर्मदानगर आवासीय कालोनी में हो रहा व्यवसाय…..शांति भंग होने का अंदेशा…. लग रहा है गाड़ियों का बाजार कालोनीवासी परेशान……

बिलासपुर–शहर की सबसे व्यवस्थित आवासीय कालोनियों में से एक नर्मदा नगर में कुछ खाली प्लाट एवं मकानों में उद्योग,व्यवसाय चलने लगे हैं। इसके कारण कालोनी की शान्ति भंग होने की आशंका है। कालोनी में अभी तक केवल रिहायशी मकान थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों से कॉलोनी के अन्दर खाली प्लाट और मकानों में वाहनों की खरीदी बिक्री, एसी की सर्विसिंग, कार सर्विसिंग, कोचिंग सेन्टर जैसे संस्थान खुल गए हैं। इनसे न केवल कालोनी का वातावरण बिगड़ रहा है, बल्कि रोज विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। गाड़ियों का व्यवसाय करने वालों ने खाली प्लाट पर गाड़ियां रख दी हैं और आने जाने वालों को दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थिति यह है कि छोटी गली में लोगों को अपने वाहन से निकलना मुश्किल हो रहा है। पार्किंग के लिए जगह नहीं बच रही है।
इसकी वजह से व्यवसाय से संबंधित लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। नियमानुसार, इस आवासीय कॉलोनी में व्यवसाय नहीं किए जा सकते। इसी तरह खाली प्लाट पर भी व्यवसाय नहीं किया जा सकता। वर्षों पहले लोगों ने बिलासपुर विकास प्राधिकरण से प्लाट ले लिया, लेकिन आज तक उस पर निर्माण नहीं किया। अब उन प्लाट को किराए पर देकर व्यापार किया जा रहा है। नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि इस तरह के व्यवसाय बंद कराए जाएं जिससे कॉलोनी की शांति बहाल रह सके।

Related Articles

Back to top button