आधी रात को उड़े 10.20 लाख…. न कॉल आया, न ओटीपी पूछा गया, फिर भी खाली हो गया क्रेडिट कार्ड…….आधी रात को मोबाइल पर ट्रांजेक्शन का मैसेज देख उड़े परिवार के होश…. सतर्कता दिखाते हुए पीड़ित ने तुरंत बैंक को सूचना देकर सभी कार्ड कराए लॉक….पुलिस ने किया मामला दर्ज..…

बिलासपुर–न्यायधानी में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंगला चौक स्थित रियल हेवेन्स अपार्टमेंट में रहने वाले एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी की पत्नी के क्रेडिट कार्ड से अज्ञात साइबर ठगों ने 10 लाख 20 हजार रुपये पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि इस भारी-भरकम ट्रांजेक्शन के लिए न तो पीड़ित के मोबाइल पर कोई ओटीपी (OTP) आया और न ही किसी संदिग्ध व्यक्ति ने कॉल कर जानकारी मांगी।

आधी रात को मैसेज देख उड़े होश…..
मिली जानकारी के अनुसार, मंगला चौक के रियल हेवेन्स अपार्टमेंट निवासी आनंद अग्रवाल कंस्ट्रक्शन व्यवसाय से जुड़े हैं। घटना 7 नवंबर 2026 की रात करीब 3 बजे की है। आनंद अग्रवाल ने जब अपना मोबाइल देखा, तो उसमें उनकी पत्नी अन्नू अग्रवाल के क्रेडिट कार्ड से 10 लाख 20 हजार रुपये कटने का मैसेज आया हुआ था। उन्होंने तत्काल अपनी पत्नी से इस बारे में पूछा, लेकिन अन्नू अग्रवाल ने किसी भी तरह का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन या खरीदारी करने से साफ इनकार कर दिया।

तत्काल कार्ड लॉक कर दर्ज कराई शिकायत……
ठगी का अहसास होते ही परिवार ने बिना समय गंवाए रात में ही संबंधित बैंक के कस्टमर केयर को सूचना दी और सभी क्रेडिट व एटीएम कार्ड ब्लॉक करवा दिए, जिससे आगे और बड़ा नुकसान होने से बच गया। इसके बाद पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज……
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।

बैंकिंग सुरक्षा पर खड़ा हुआ बड़ा सवाल…..
इस घटना ने ऑनलाइन बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमतौर पर किसी भी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए ओटीपी अनिवार्य होता है। ऐसे में बिना ओटीपी और बिना किसी संदिग्ध लिंक या कॉल के इतनी बड़ी रकम कैसे निकल गई, यह पुलिस और बैंक दोनों के लिए जांच का मुख्य विषय है। आशंका जताई जा रही है कि इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन या कार्ड क्लोनिंग के जरिए इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।

Related Articles

Back to top button