नशे और पारिवारिक विवाद ने ली रिश्तों की बलि….पत्नी के मायके जाने से नाराज पोते ने दादा को पीट-पीटकर मार डाला…..आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर- मस्तूरी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब की लत और पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक पोते ने अपने ही दादा की बेरहमी से पिटाई कर उनकी जान ले ली। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करने वाले आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी पत्नी दो दिन पहले अपने एक बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। इसी बात से नाराज आरोपी ने परिवार के सदस्यों से विवाद किया और गुस्से में अपने बुजुर्ग दादा को ही निशाना बना लिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा के छूहिया पारा की है। यहां रहने वाला तुलाराम चंद्राकर उर्फ मनोज चंद्राकर नशे का आदी बताया जा रहा है। वह कथित तौर पर शराब के नशे में आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट और विवाद करता था। लगातार घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी पत्नी दो दिन पहले अपने एक बच्चे को लेकर मायके चली गई थी।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन जब आरोपी घर लौटा तो पत्नी और बच्चे को घर पर नहीं देखकर उसका गुस्सा भड़क उठा। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद शुरू हो गया। आरोपी इस बात से नाराज था कि पत्नी के मायके जाने से परिवार के लोग उसे रोक नहीं पाए। इसी नाराजगी में उसने अपने ही दादा पंचराम चंद्राकर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने बुजुर्ग को इतनी बेरहमी से पीटा कि गंभीर चोटों के चलते उनकी मौत हो गई।

शराब के नशे और गुस्से में खोया आपा, दादा को बनाया निशाना…..
इस वारदात ने एक बार फिर घरेलू हिंसा, नशे की लत और पारिवारिक तनाव के भयावह परिणामों को उजागर कर दिया है। जिस बुजुर्ग दादा से पोते के रिश्ते में सम्मान और सहारे की अपेक्षा थी, उसी पोते पर उनकी हत्या का आरोप है। पत्नी के घर छोड़कर जाने की नाराजगी में आरोपी ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे पूरे परिवार में मातम पसर गया।
मस्तूरी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…..
मामले में मस्तूरी थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी तुलाराम चंद्राकर उर्फ मनोज चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।




