होटल कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ीं…..कोरबा में 6ठी FIR दर्ज…. कोयला ठेके के नाम पर 27.90 लाख की ठगी और जान से मारने की धमकी….

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ के चर्चित होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ आपराधिक मामलों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। रायपुर, बिलासपुर और सक्ति के बाद अब कोरबा जिले के दीपका थाने में उनके खिलाफ छठी एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। पीड़ित ने उन पर कोयला का ठेका दिलाने के नाम पर 27 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

क्या है पूरा मामला?

दीपका थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 09 निवासी अंकित सिंह के अनुसार, उनके पिता महेंद्र सिंह से पूर्व में 27 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की गई थी। इस संबंध में वर्ष 2020 में ही दीपका थाने में मामला (अपराध क्रमांक 160/2020) दर्ज कराया गया था।

शिकायत के मुताबिक, विवाद के बाद आरोपी दीपक टंडन ने समझौते का शपथ पत्र दिया था और शुरुआत में 5 लाख रुपये देने के साथ शेष राशि जल्द लौटाने का वादा किया था।

बाउंस/होल्ड निकला चेक…..

20 मई 2023 को आरोपी ने 5 लाख रुपये का जो चेक दिया था, बैंक में जांच कराने पर वह पहले से ही ‘होल्ड’ पाया गया।

बुधवारी चौक पर धमकी…..

10 जुलाई 2024 को कटघोरा कोर्ट पेशी के दौरान जब पीड़ित ने पैसे की मांग की, तो आरोपी ने अपने परिचित के जरिए उन्हें दीपका के बुधवारी चौक बुलाया। वहां कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए एससी-एसटी एक्ट में फंसाने और जान से मरवाने की धमकी दी गई।

बिलासपुर में गिरफ्तारी के बाद बढ़ी हिम्मत…..

डर के कारण पीड़ित परिवार ने उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की थी। हालांकि, हाल ही में बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद पीड़ित ने थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज अन्य प्रमुख मामले एक नजर में……

विभिन्न जिलों में होटल कारोबारी के खिलाफ दर्ज मामलों की लंबी फेरिस्ट सामने आ चुकी है:

बिलासपुर मामला……

AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से शिकायतकर्ता की तस्वीर बदलकर तांत्रिक वेशभूषा में दिखाने और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप (FIR क्र. 798/2026)।

रायपुर मामला…..

आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर सरकारी सील तोड़ने, परिसर में प्रवेश और धमकी देने का मामला।

रायपुर जमीन सौदा…..

16,500 वर्गफीट जमीन और VIP रोड स्थित ‘एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट’ का सौदा 1.16 करोड़ में तय कर 36 लाख से अधिक के भुगतान से जुड़ा विवाद।

फॉर्च्यूनर गाड़ी मामला….

2023 मॉडल की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये लेने के बाद गाड़ी और पैसे दोनों न लौटाने का आरोप।

सक्ती मामला….

सक्ती के कारोबारी किशन शर्मा द्वारा सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये ऐंठने का आरोप।
एक के बाद एक दर्ज हो रहे मुकदमों और पुलिस की लगातार सख्त कार्रवाई से आरोपी की मुश्किलें और अधिक बढ़ती नजर आ रही हैं।

Related Articles

Back to top button