हत्या के प्रयास में 5 साल से फरार पिता-पुत्रों की तिकड़ी गिरफ्तार… 4 स्थाई वारंट भी तामील…..

बिलासपुर–हत्या के प्रयास और बलवा के गंभीर मामले में पिछले पांच वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे पिता और उसके दो पुत्रों को मल्हार चौकी पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तारी के साथ ही आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 से लंबित 04 स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई है।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 09 मार्च 2021 को मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनेका में हुई थी। ग्राम बिनेका निवासी ओमप्रकाश कुर्रे ने अपने पुत्रों लव कुर्रे, राजेश कुर्रे और अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव के ही रामेश्वर कोसले (पिता चेतराम कोसले) एवं अन्य लोगों पर हत्या करने की नीयत से हमला कर दिया था। आरोपियों ने बलवा करते हुए प्रार्थी व अन्य लोगों से मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं।
इस मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 के तहत हत्या के प्रयास व बलवा का मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।
सिरगिट्टी में घेराबंदी कर विशेष टीम ने दबोचा……
लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम द्वारा प्रकरण की डायरी की समीक्षा करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि तीनों फरार आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस की टीम ने तत्काल गोपनीय तरीके से इलाके की घेराबंदी की और दबिश देकर तीनों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने मामले में ग्राम बिनेका (चौकी मल्हार) निवासी एक ही परिवार के निम्नलिखित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- ओमप्रकाश कुर्रे (पिता सुकुल कुर्रे, उम्र 55 वर्ष)
- लव कुर्रे (पिता ओमप्रकाश कुर्रे, उम्र 30 वर्ष)
- राजेश कुर्रे (पिता ओमप्रकाश कुर्रे)
2018 से लंबित 4 स्थाई वारंटों की भी हुई तामिली……
पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला गया, जिसमें सामने आया कि इनके विरुद्ध वर्ष 2018 से संबंधित अन्य प्रकरणों में कुल 04 स्थाई गिरफ्तारी वारंट लंबित थे। पुलिस टीम ने गिरफ्तारी के दौरान इन चारों स्थाई वारंटों की भी विधिवत तामिली कर ली है। तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।



