चिटफंड कंपनी का बड़ा फर्जीवाड़ा….. 6 साल में पैसे दोगुना करने का झांसा देकर 24 लाख ठगने वाले डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार……

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ में निवेशकों को कम समय में रकम दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले चिटफंड कंपनियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले की सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी मोपका पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड’ नामक फर्जी चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी निवेशकों से लगभग 24 लाख रुपए ऐंठने के बाद कंपनी बंद कर फरार हो गए थे।
24 लाख रुपए की ठगी और फर्जीवाड़े का खेल…..
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि प्रार्थी तीरथ राम रात्रे, निवासी सीपत (जिला बिलासपुर) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2012-13 में मुख्य आरोपियों ने मिलकर ‘प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड’ नाम से एक चिटफंड कंपनी की शुरुआत की थी।
आरोपियों ने आसपास के भोले-भाले ग्रामीणों को यह झांसा दिया कि यदि वे कंपनी में पैसे निवेश करेंगे, तो महज 6 साल में उनकी रकम दोगुनी हो जाएगी। इस लालच में आकर प्रार्थी और उसके कई परिचितों ने मिलकर करीब 24 लाख रुपए इस फर्जी कंपनी में जमा कर दिए। परिपक्वता (Maturity) का समय आने पर जब निवेशकों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी कंपनी बंद करके फरार हो गए।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, बॉन्ड पेपर और रसीदें जब्त…
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 1668/26, धारा 420, 34 भादंवि (IPC) एवं छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम (PDI Act) की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर और अन्य आरोपियों को तलब कर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी से जुड़े अहम दस्तावेज जैसे— बॉन्ड पेपर, रसीदें और पासबुक आदि बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम…..
पुलिस ने इस मामले में निम्नलिखित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है:
- डेरहा प्रसाद (पिता शत्रुघ्न कांत, उम्र 58 वर्ष) — निवासी: कुटी परम, मोपका (बिलासपुर)
- ताराचंद पाटले (उम्र 56 वर्ष) — निवासी: पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा (कंपनी से जुड़े मुख्य व्यक्तियों में शामिल)
- बसंत यादव (पिता स्वर्गीय नारद यादव, उम्र 70 वर्ष) — निवासी: खरौद, जिला जांजगीर-चांपा
- रतन लाल कुर्रे (पिता स्वर्गीय अघोरी लाल, उम्र 55 वर्ष) — निवासी: पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस धोखाधड़ी में शामिल अन्य सह-आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मोपका चौकी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य ठगी पीड़ितों में न्याय की उम्मीद जागी है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी लुभावनी योजनाओं या गैर-पंजीकृत कंपनियों के झांसे में न आएं।



