तखतपुर ब्लॉक के रसोइयों को दो माह से नहीं मिला मानदेय…..आर्थिक संकट से जूझ रहे रसोइया…..

बिलासपुर- तखतपुर विकासखंड के शासकीय स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाने वाले रसोइयों को सितंबर और अक्टूबर 2026 का मानदेय अब तक नहीं मिला है। समय पर भुगतान नहीं होने से रसोइयों के सामने आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है।

छत्तीसगढ़ मध्यान्ह भोजन रसोइया कल्याण संघ, संभाग बिलासपुर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन सौंपकर लंबित मानदेय का भुगतान कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि स्कूलों में रसोइये नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन बनाने का कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है। वहीं, दीपावली के अवसर पर अन्य विभागों के कर्मचारियों को वेतन भुगतान किया जा चुका है तथा बिलासपुर जिले के अन्य विकासखंडों में भी रसोइयों का मानदेय जमा हो गया है। इसके बावजूद तखतपुर ब्लॉक के रसोइयों को भुगतान नहीं होने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं।

संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि तखतपुर विकासखंड के समस्त रसोइयों के खातों में सितंबर एवं अक्टूबर 2026 का लंबित मानदेय शीघ्र जमा कराया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button