बिलासपुर कोतवाली का बताकर रायपुर का वीडियो किया वायरल, थाना प्रभारी ने दी सख्त चेतावनी……

बिलासपुर–सोशल मीडिया पर व्यूज, लाइक्स और टीआरपी हासिल करने की होड़ में भ्रामक और असत्य खबरें फैलाने का एक नया मामला सामने आया है। रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब के पास नाइजीरियाई नागरिकों द्वारा किए गए हंगामे के एक वीडियो को बिलासपुर कोतवाली थाना क्षेत्र की घटना बताकर सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा था।

इस फर्जी और भ्रामक प्रचार का बिलासपुर कोतवाली थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने कड़ा संज्ञान लेते हुए वीडियो का खंडन किया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि वायरल हो रहा वीडियो बिलासपुर कोतवाली का बिल्कुल नहीं है, बल्कि यह घटना रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र की है।
बिना पुष्टि वीडियो शेयर करने वालों को कड़ी चेतावनी
थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बिना पुष्टि के ऐसे संवेदनशील वीडियो प्रसारित करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि केवल व्यूज और लाइक्स पाने के उद्देश्य से भ्रामक सामग्री शेयर करना कानूनन अपराध है। ऐसी अफवाहें समाज में शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ सकती हैं।
सत्यता जांचने की अपील, होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी ने सभी सोशल मीडिया यूजर्स और डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म्स से अपील की है कि वे किसी भी खबर या वीडियो को पोस्ट या शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर कर लें। उन्होंने साफ किया कि बिना पुष्टि के भ्रामक खबरें फैलाने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button