भेड़ीमुड़ा रतनपुर में पांच दिवसीय भव्य लक्ष्मी पूजन उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न…..

रतनपुर–नगर के वार्ड क्रमांक 8, भेड़ीमुड़ा रतनपुर में सार्वजनिक लक्ष्मी उत्सव समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय भव्य लक्ष्मी पूजन उत्सव का द्वितीय वर्ष बड़े ही हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के मुख्य यजमान सुमन अग्निवेश कश्यप रहे।

उत्सव के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय दिवस पर क्रमशः बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं पारंपरिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें रंगोली प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़ एवं मटका फोड़ प्रमुख आकर्षण रहे। सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बनाया।

उत्सव के चौथे दिन गुरुवार को विधि-विधान से हवन-पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

वहीं पांचवें एवं अंतिम दिन शुक्रवार को माता रानी की पूजा-अर्चना के पश्चात पारंपरिक जसगीतों एवं भक्तिमय वातावरण के बीच माता रानी का भव्य विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी को भावपूर्ण विदाई दी तथा अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।

पांच दिवसीय इस आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button