
तीन दिन बैंक हड़ताल……हड़ताल से पहले रविवार को जरूरी काम निपटाने उमड़े ग्राहक……
बिलासपुर–देशभर में विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के चलते सोमवार से बुधवार तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। इसे देखते हुए रविवार को देशभर के कई बैंक खुले रहे, जहां बड़ी संख्या में ग्राहक अपने जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने पहुंचे।बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना समेत अन्य मांगें शामिल हैं।

कर्मचारियों के प्रदर्शन और हड़ताल के कारण लगातार तीन दिनों तक बैंक बंद रहने की स्थिति में उपभोक्ताओं को लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।खास बात यह है कि हड़ताल के बाद शुक्रवार को गांधी जयंती का अवकाश रहेगा, जबकि शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। ऐसे में बैंकिंग कामकाज के लिहाज से पूरा सप्ताह काफी प्रभावित रहने की स्थिति बन रही है और केवल एक दिन ही नियमित बैंकिंग कार्य होने की संभावना है।इसी वजह से रविवार को खुले बैंकों में ग्राहक अपने जरूरी काम पहले ही पूरा करने पहुंचे। उपभोक्ताओं का कहना है कि आगामी दिनों में बैंक बंद रहने के कारण उन्होंने रविवार को ही जरूरी लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्य निपटाना उचित समझा।




