कोटा क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी करने वाले एक नाबालिग सहित तीन चोर चढ़े पुलिस के हत्थे…..किराना दुकान, गणेश पंडाल और बोर से बिजली तार चोरी की घटना को दिए थे अंजाम….. चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद

बिलासपुर–कोटा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बिजली केबल और नकदी समेत संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खैरझिटी स्थित किराना दुकान में 11 सितंबर की रात चोरी हुई थी। दुकान संचालक ने रिपोर्ट में बताया कि वह दुकान के ऊपर बने कमरे में सोया था। सुबह उठने पर गल्ले में रखे 13 हजार रुपये नकद तथा सिगरेट, राजश्री और खाई-खजाना समेत करीब 14 हजार रुपये की सामग्री गायब मिली।
इसी दौरान ग्राम भौवाकापा में बोर से करीब 20 मीटर बिजली तार चोरी होने और ग्राम खरगहना के गणेश पंडाल में सोने के दौरान एक व्यक्ति का रेडमी मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत भी पुलिस को मिली। पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल और बिजली केबल चोरी करने के साथ करीब 15 दिन पहले किराना दुकान से नकदी और सामग्री चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने चोरी की संपत्ति बरामद कर ली।
पूछताछ के दौरान विनय खुसरो (22), निवासी काठाकोनी, थाना सकरी और सुनील यादव (26), निवासी बंधवापारा, थाना सरकंडा ने करीब दो माह पहले तिफरा स्थित पुलिस क्वार्टर से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 मीटर बिजली तार, मोटरसाइकिल, रेडमी मोबाइल और 700 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने विनय खुसरो और सुनील यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को परिजनों की मौजूदगी में बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
यह कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज और कोटा थाना स्टाफ ने की।

Related Articles

Back to top button