रायपुर से चैतुरगढ़ जा रहे युवाओं की इको बेलतरा टोल नाके के पास ट्रेलर में घुसी…. भीषण हादसे में युवती की मौत….ट्रेलर में फंसकर कई मीटर तक घिसटती रही कार..

बिलासपुर–सड़क पर जरा सी लापरवाही किस तरह किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, इसकी बानगी रविवार को रतनपुर के पास बेलतरा टोल नाके के समीप देखने को मिली। रायपुर से चैतुरगढ़ घूमने जा रहे युवाओं की इको कार अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंस गई और कई मीटर तक घसीटती चली गई। इस भीषण हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए। इको कार चालक को अचानक झपकी आने की वजह से वाहन पर से नियंत्रण खो गया और कार सीधे ट्रेलर से जा टकराई। कार में सवार सभी युवा रायपुर में पढ़ाई करने के साथ-साथ काम भी करते हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल रतनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए सिम्स रेफर किया गया। वहीं, मृत युवती के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।लगातार बढ़ते सड़क हादसे रतनपुर क्षेत्र में यातायात सुरक्षा और जागरूकता अभियानों पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इस दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे परिवार में मातम पसर गया।
Amb —–



