दुकान में चोरी के बाद आग लगाने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार……

बिलासपुर–रतनपुर के मेला ग्राउंड स्थित किराना दुकान में चोरी करने के बाद आग लगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1,116 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर को भेंड़ीमुड़ा निवासी दुर्गा कश्यप ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मेला ग्राउंड स्थित उसकी दुकान में आग लग गई है। आग से दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, कूलर, पंखा, कुर्सी-टेबल और डेली नीड्स का सामान पूरी तरह जल गया। प्रार्थी ने करीब 5 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी पुलिस को दी।
घटना की जांच के दौरान आसपास के लोगों ने पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी दी, जो घटना के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर संदिग्ध की तलाश शुरू कराई।
पुलिस ने कुछ ही घंटों में गणेश सूर्यवंशी (19), निवासी रेस्ट हाउस के पास रतनपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने चोरी की नीयत से दुकान में घुसने और वहां रखी पेटी से 3,800 रुपये निकालने की बात स्वीकार की। इसके बाद दुकान में रखी माचिस से आग लगाने की बात भी सामने आई।
पुलिस के अनुसार चोरी की रकम में से आरोपी ने 2,684 रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए, जबकि शेष 1,116 रुपये उसके पास मिले, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों के चलते जेल जा चुका है।

Related Articles

Back to top button