श्रीराम मंदिर में सुविधाओं का विस्तार, विधायक श्री अमर अग्रवाल ने किया नवनिर्मित सभागृहों का लोकार्पण….उप मुख्यमंत्री अरुण साव की स्वीकृति से अधोसंरचना मद से मिले 82 लाख रुपए… जनसहयोग से भी हुआ निर्माण….धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं हमारे मंदिर– अमर अग्रवाल…..

बिलासपुर–शहर के ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर परिसर में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाओं का विस्तार हुआ है। विधायक अमर अग्रवाल ने शनिवार को मंदिर परिसर में नवनिर्मित श्री रघुनाथ एवं श्री रघुनंदन सभागृह, कर्मचारी आवास तथा परिसर उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया। लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपए के इन कार्यों में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव की स्वीकृति से शासन के अधोसंरचना मद से 82 लाख रुपए तथा जनसहयोग एवं दान निधि से लगभग 40 लाख रुपए का योगदान मिला है।

विधायक अमर अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि मंदिर आस्था के केंद्र होने के साथ ही समाज को जोड़ने और संस्कारों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्रीराम मंदिर बिलासपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और धार्मिक तथा सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में सहयोग देने वाले दानदाताओं और मंदिर समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासन और समाज के साझा प्रयासों से जनहित के कार्यों को बेहतर स्वरूप मिलता है। मंदिर परिसर के पिछले हिस्से में नदी की ओर लगभग 3 हजार वर्गफीट क्षेत्र में श्री रघुनाथ सभागृह बनाया गया है। इसमें लगभग 800 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था है। यहां धार्मिक आयोजन, प्रवचन, भजन एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। बड़े सभागृह की उपलब्धता से विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं और सुगम होंगी। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती पूजा विधानी भी उपस्थित रहीं।

जनसहयोग एवं दान निधि से लगभग 40 लाख रुपए की लागत से दो मंजिला भवन भी निर्मित किया गया है। करीब एक हजार वर्गफीट क्षेत्र वाले इस भवन के निचले हिस्से में श्री रघुनंदन सभागृह बनाया गया है, जिसमें लगभग 100 लोगों के बैठने की सुविधा है। यह सभागृह छोटे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोगी होगा। भवन की ऊपरी मंजिल पर मंदिर के कर्मचारियों के लिए आवास बनाए गए हैं। लगभग 125 वर्ष पुराने श्रीराम मंदिर में इन निर्माण और उन्नयन कार्यों से श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ी हैं।

नए सभागृहों से मंदिर में नियमित गतिविधियों के साथ बड़े एवं छोटे आयोजनों के सुव्यवस्थित संचालन में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जोन अध्यक्ष मधुबाला टंडन,वार्ड पार्षद अंजना कश्यप, बबलू कश्यप, मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह,पूर्व उप नेता प्रतिपक्ष नगर निगम, श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद काले और सचिव संजीव बाटवे समेत अन्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button