छठ पूजा के लिए घाट की सफाई…..50 से अधिक स्वयंसेवकों ने पांच घंटे तक चलाया स्वच्छता अभियान…..खरना प्रसाद ग्रहण कर व्रतियों ने शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत…. रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य……

बिलासपुर- सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर अरपा तट पर उत्सव का माहौल है। तोरवा छठ घाट पर शनिवार को सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। छठ पूजा समिति के 50 से अधिक स्वयंसेवकों ने करीब पांच घंटे तक श्रमदान कर एक किलोमीटर लंबे घाट की साफ-सफाई की। छठी मैया के जयकारों के बीच पूरे घाट पर झाड़ू लगाई गई और श्रद्धालुओं के लिए परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया। दूसरी ओर घरों में खरना का पारंपरिक प्रसाद तैयार किया गया। शाम को प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प लिया।

बिलासपुर की सांस्कृतिक पहचान बन चुका छठ महापर्व अब किसी एक समाज का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक आस्था का प्रतीक बन गया है। पिछले 26 वर्षों से पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से अरपा तट पर सामूहिक छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। समय के साथ इस परंपरा से शहर के विभिन्न समाजों और वर्गों के लोग जुड़ते चले गए हैं।

शनिवार सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक समिति के सदस्यों ने घाट की सफाई में पसीना बहाया। श्रमदान के साथ घाट पर रंग-रोगन, पुल की पुताई, आकर्षक सजावट और विद्युत साज-सज्जा का कार्य भी कराया गया है। समिति की ओर से स्थानीय और बाहर से आने वाले व्रतियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रविवार को संध्या अर्घ्य के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत..

छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को घरों में खरना का अनुष्ठान पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ संपन्न हुआ। व्रतियों ने परंपरागत रूप से प्रसाद तैयार किया और शाम को खरना प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया। अब रविवार शाम को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होगा और चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

26 वर्षों की परंपरा ने बनाया पूरे शहर का उत्सव…….

बिलासपुर में सामूहिक छठ पूजा की परंपरा को 26 वर्ष पूरे हो चुके हैं। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के प्रयासों से शुरू हुआ यह आयोजन आज शहर की साझा सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। शुरुआती दौर में यह पर्व मुख्य रूप से बिहार और उत्तर भारत से जुड़े परिवारों तक सीमित था, लेकिन धीरे-धीरे स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी बढ़ती गई। आज छठ घाट पर भाषा, क्षेत्र और समाज की सीमाएं टूटती नजर आती हैं। आस्था और सहभागिता का यह संगम बिलासपुर की सामाजिक एकता को भी मजबूत कर रहा है।

एशिया के सबसे बड़े स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान…

अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित छठ घाट अपनी विशालता और स्थायी संरचना के लिए विशेष पहचान रखता है। इसे एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट के रूप में पहचान मिलने का दावा किया जाता है। पर्व के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु एकत्रित होकर सामूहिक रूप से सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सजे हुए सूप, फल, दीप और पारंपरिक पूजा सामग्री से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में बदल जाता है।

चार दिनों तक चलती है सूर्य आराधना……

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई। इसी दिन माता अरपा की महाआरती भी की गई। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान संपन्न हुआ। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण होगा।

छठ महापर्व की विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। संध्या अर्घ्य के माध्यम से अस्ताचलगामी सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है, वहीं सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा की कामना की जाती है। प्रकृति, जल और सूर्य को साक्षी मानकर मनाया जाने वाला यह पर्व स्वच्छता, संयम और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देता है।

सेवा और समर्पण से ही भव्य बनता है छठ महापर्व– प्रवीण झा……

छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने स्वयंसेवकों के साथ श्रमदान कर घाट की सफाई में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा और उपासना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सेवा, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है। अरपा तट को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। छठी मैया की सच्ची सेवा यही है कि हम अपने घाट, नदी और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें।

उन्होंने बताया कि समिति के सभी सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि पर्व की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा घाट पर गंदगी न फैलाएं।

श्रमदान में इनकी रही सहभागिता…..

श्रमदान अभियान में समिति अध्यक्ष प्रवीण झा के साथ अभय नारायण राय, डॉ. धर्मेंद्र दास, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव गिरी, सतीश सिंह, प्रशांत सिंह, शशि मिश्रा, डीके सिंह, मुकेश झा, ललित झा, अमरकांत तिवारी, शौलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर और निर्भय चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button